जबलपुर, 1 अक्टूबर।
जबलपुर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने के मामले में जीआरपी ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार कटनी निवासी दीपक लीलानी उर्फ देव उर्फ दाऊ को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसमें करीब तीन मोबाइल चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ। उसके पास से चोरी किए गए मोबाइल भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक करीब एक माह पहले जबलपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर छह पर गोंडवाना एक्सप्रेस में भीड़ का फायदा उठाकर एक यात्री की जेब से रियलमी मोबाइल चोरी किया गया था। इसकी कीमत करीब 28 हजार रुपये बताई गई। इस मामले में जीआरपी थाने में प्रकरण दर्ज किया गया था।
पूछताछ में आरोपित ने सिहोरा रेलवे स्टेशन पर करीब छह-सात दिन पहले सो रहे यात्री की जेब से मोटोरोला मोबाइल निकालने की बात भी स्वीकार की। इसकी कीमत करीब 17,300 रुपये बताई गई। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मोबाइल बरामद कर लिया।
तीसरी घटना रीवा शटल ट्रेन की बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपित ने यात्री से बातचीत कर नजदीकी बनाई और मौका मिलने पर उसका मोबाइल चोरी कर लिया। बाद में आधारताल स्टेशन पर उतर गया। आरोप है कि चोरी किए मोबाइल से यूपीआई लेनदेन कर करीब 20 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए। मामले में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत जांच जारी है। आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया।














