भोपाल, 1 अक्टूबर।
मध्यप्रदेश में एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए गुरुवार को 1520 किलोमीटर लंबे विशेष मोटरसाइकिल अभियान की शुरुआत हुई। 10 दिवसीय इस यात्रा को एमपी पर्यटन बोर्ड के अपर प्रबंध संचालक डॉ. अभय अरविंद बेडेकर ने भोपाल से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान में देश-विदेश के 22 राइडर्स शामिल हैं, जो प्रदेश के प्राकृतिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों से रूबरू होंगे।
यात्रा में महाराष्ट्र, दिल्ली, तमिलनाडु, कर्नाटक, मध्यप्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और केरल के प्रतिभागी शामिल हैं। फ्रांस के पेरिस से आईं 55 वर्षीय राइडर फैबिएन क्रिस्टीन जैनिन ड्यूपुइस भी दल का हिस्सा हैं। यात्रा भोपाल से शुरू होकर पचमढ़ी, पेंच, कान्हा, बांधवगढ़ और पन्ना होते हुए फिर भोपाल पहुंचेगी।
यह अभियान मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड और रॉयल एनफील्ड के बीच 2026 से 2028 तक की रणनीतिक साझेदारी की शुरुआत है। इसके तहत नए मोटरसाइकिल मार्ग, ऑफ-रोड ट्रेल और हेरिटेज राइड्स विकसित करने की योजना है। उद्देश्य पर्यटन केंद्रों को दूरस्थ स्थलों से जोड़ना और स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना है।
राइडर्स पेंच, कान्हा और बांधवगढ़ में सुबह की विशेष जीप सफारी के साथ स्थानीय हस्तशिल्प, मिट्टी कला और बैगा जनजातीय कला से परिचित होंगे। अभियान का समापन भोपाल में मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट के विशेष समारोह में होगा।














