रीवा, 1 अक्टूबर।
ओडिशा पुलिस की अभिरक्षा से कथित गांजा तस्कर आदित्य मिश्रा के फरार होने के बाद उसकी तलाश में रीवा, सीधी और मऊगंज पुलिस की कई टीमें जुटी हैं। पुलिस को आशंका है कि फरारी की घटना पहले से तैयार की गई साजिश का हिस्सा हो सकती है। जांच में यह बात सामने आने की बात कही जा रही है कि आदित्य ने ही पुराने मामले में रीवा न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट जारी कराने के लिए आवेदन कराया था।
पुलिस के अनुसार वारंट के आधार पर ओडिशा पुलिस उसे रीवा ला रही थी। रास्ते में रीवा-शहडोल सीमा के पास सुनसान घाटी में दो वाहनों से आए लोगों ने पुलिस वाहन को रोक लिया। हवाई फायरिंग कर आदित्य को छुड़ाकर जंगल की ओर ले जाने की बात सामने आई है। पुलिस वाहन के शीशे पर गोली का निशान भी मिला है।
घटना के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज, टोल डेटा और मोबाइल लोकेशन की जांच कर रही है। कुछ संदिग्धों को चिन्हित किए जाने की बात कही गई है, हालांकि उनकी भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आदित्य के गांव और रिश्तेदारों के संभावित ठिकानों पर भी दबिश दे रही है।
मौके से मिले सामान और टूटे मोबाइल की भी जांच की जा रही है। ओडिशा पुलिस की टीम रीवा में स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर फरार आरोपित की तलाश कर रही है। प्रोडक्शन वारंट से लेकर फरारी तक की पूरी कड़ी की जांच जारी है।














