भोपाल, 1 अक्टूबर।
पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने गुरुवार को गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में कई विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और निर्माण कार्यों को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। काम पूरे होने के बाद स्थानीय लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं और सुगम आवागमन मिल सकेगा।
वार्ड 65 के मिनाल स्थित एमपीईबी ग्राउंड में 8.60 लाख रुपये की लागत से पेविंग ब्लॉक लगाने के कार्य का भूमिपूजन किया गया। वार्ड 68 के अयोध्या नगर स्थित सरयू सरोवर पार्क में 11.83 लाख रुपये से छठ कुंड घाट विकास की आधारशिला रखी गई। इसी वार्ड में संतोषी विहार से भवानी कैंपस फेस-2 के द्वार तक 18.70 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड तथा राजीव नगर बी सेक्टर में पेविंग ब्लॉक और शौचालय निर्माण का भी भूमिपूजन हुआ।
वार्ड 53 में गुलाबी नगर से शक्ति आर्केड मार्ग, दानिश नगर मार्ग और प्रोस्पेरा 80 फीट मार्ग पर लगाई गई हाई मास्ट लाइटों का लोकार्पण किया गया। इससे रात में प्रकाश व्यवस्था बेहतर होगी।
राज्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में लापरवाही नहीं बरतने की बात कही।














