भोपाल, 1 अक्टूबर।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों और मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों की बैठक हुई। इसमें बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता, कार्यकर्ताओं से नियमित संवाद, प्रशिक्षण, प्रवास और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब, प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने बैठक को संबोधित किया।
खंडेलवाल ने कहा कि जिला, मंडल और बूथ स्तर पर बैठकों, प्रवास और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने मंडल अध्यक्षों, शक्ति केंद्र प्रभारियों और बूथ टोली के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उनके अनुसार सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेश में कार्य हुआ है और आगामी कार्यक्रमों को भी प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा।
बिप्लब देब ने कहा कि संगठन में दायित्वों में बदलाव सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन कार्यकर्ताओं का विश्वास बनाए रखना महत्वपूर्ण है। उन्होंने पदाधिकारियों से लगातार संवाद और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की बात कही।
रेखा वर्मा ने पंचायत से लोकसभा तक संगठनात्मक तैयारियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। चंद्रशेखर ने जनसेवा और जनविश्वास को प्राथमिकता बताते हुए 2 अक्टूबर को खादी और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।














