इंफाल, 1 अक्टूबर।
मणिपुर में पुलिस और सुरक्षा बलों ने पिछले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग अभियानों में दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। एक अन्य कार्रवाई में जबरन वसूली में शामिल व्यक्ति को पकड़ा गया। इसके साथ ही छिपाकर रखे गए हथियारों और अन्य सामग्री का बड़ा जखीरा भी बरामद किया गया।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय के अनुसार, बुधवार को म्यांमार से कामजोंग के रास्ते प्री-पाक (प्रो) के वरिष्ठ कैडर के घुसपैठ करने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर चंद्रखोंग इलाके में मजबूत वाहन जांच चौकी लगाई गई। वाहनों की जांच के दौरान काकमायई मायाई लीकाई निवासी प्री-पाक (प्रो) के स्वयंभू कैप्टन मोइरांगथेम बोबॉय सिंह उर्फ लैंगम (56) को पकड़ा गया।
पूछताछ में उसने बिष्णुपुर के चार किशोरों की भर्ती करने और उन्हें म्यांमार भेजने में अपनी भूमिका की जानकारी दी। इसी दिन सीडीओ इंफाल ईस्ट ने खुराई पुथिबा लीकाई में अभियान चलाकर आरपीएफ/पीएलए के सक्रिय कैडर नेप्रम सिंहाजीत सिंह (46) को गिरफ्तार किया।
उस पर नए कैडरों की भर्ती में शामिल होने का आरोप है। वह नए भर्ती किए गए कैडर को उखरुल ले जाने के लिए बस का टिकट लेने के सिलसिले में इलाके में आया था।
एक अन्य अभियान में खुफिया सूचना के आधार पर चंदेल पुलिस और असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने मोलचम थाना क्षेत्र में तलाशी ली। इस दौरान छिपाकर रखा हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ।
बरामद सामग्री में तीन एसबीएमएल बंदूकें, एक पॉम्पी गन, एक चीनी ग्रेनेड, एक स्थानीय ग्रेनेड, चार डमी मोर्टार, चार डेटोनेटर, दो डिले फ्यूज और तार के नौ टुकड़ों वाला एक कंटेनर शामिल है। इन तारों के आईईडी में इस्तेमाल होने की आशंका है।
इसके अलावा आठ पाउच, एक बाओफेंग सेट, 5.56 एमएम एम4 के 16 राउंड, एक 9 एमएम राउंड और दो बुलेट प्रूफ कवर भी बरामद किए गए। बरामद सामान को आगे की कार्रवाई के लिए मोलचम थाने को सौंप दिया गया।
इसी दिन जबरन वसूली की सूचना पर चुराचांदपुर थाने की टीम ने खोमोई गांव में कार्रवाई की। यहां एक व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान लेटगिनथांग हाओकिप (44), चुराचांदपुर निवासी के रूप में बताई।
पुलिस के अनुसार, उसने अलग-अलग हथियारबंद संगठनों के नाम पर आम लोगों से जबरन पैसे वसूलने में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसके पास से एक मोबाइल हैंडसेट और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।














