भोपाल, 1 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में अलग-अलग जिलों से पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जनसमस्याएं और सुझाव सुने तथा संबंधित अधिकारियों को मामलों के जल्द निराकरण के निर्देश दिए।
कार्यकर्ताओं की ओर से सामने आए ऐसे प्रकरण, जिनमें विभागीय कार्रवाई जरूरी थी, उन्हें संबंधित विभागों को भेजा गया। विजयवर्गीय ने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्राप्त समस्याओं की गंभीरता से जांच कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का निराकरण और उन्हें शासकीय योजनाओं व सुविधाओं का लाभ दिलाना मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में संगठन भी जनसेवा से जुड़े विषयों को प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्राप्त मामलों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।














