भोपाल, 1 अक्टूबर।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को रवीन्द्र भवन में भजन संध्या आयोजित की जाएगी। संस्कृति विभाग के स्वराज संस्थान संचालनालय की ओर से होने वाले ‘एकै राम रहीम भजन संध्या’ में युवा बुंदेली लोकगायक सुनील लोधी और उनका दल भजनों की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम शाम 6.30 बजे शुरू होगा और प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।
सुनील लोधी ने कम समय में बुंदेली लोक गायन के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। ‘हनुमान अंश’ फिल्म के गीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैय्या डार दई’ से उन्हें व्यापक पहचान मिली। बचपन से गायन में रुचि रखने वाले लोधी गांवों में होने वाले धार्मिक आयोजनों में भक्ति गीत गाते रहे हैं और स्वयं भी गीत लिखते हैं।
उन्होंने ट्रेन यात्राओं के दौरान भी अपने भजनों की प्रस्तुति देकर लोगों का मनोरंजन किया और सराहना हासिल की। दृष्टिहीन होने के बावजूद अपनी विशेष आवाज और बुंदेली शैली से उन्होंने अलग पहचान बनाई। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता के बाद फिल्मी गीत ने उनकी पहचान को और विस्तार दिया।














