भिंड, 1 अक्टूबर।
जिले के गोहद थाना क्षेत्र के भिआनी गांव में गुरुवार सुबह 28 वर्षीय युवक सरनाम सिंह की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार युवक पिछले करीब चार महीने से बीमारी से परेशान था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए गोहद अस्पताल भेजकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक सरनाम सिंह पुत्र पान सिंह कुशवाह सुबह करीब 10 बजे घर के एक कमरे में गया था। उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। कुछ समय बाद गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे, जहां युवक मृत अवस्था में मिला। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हुई 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक को कब्जे में लिया। यह बंदूक मृतक के पिता पान सिंह कुशवाह के नाम पर बताई गई है।
परिजनों के अनुसार सरनाम सिंह करीब चार महीने से बीमारी को लेकर परेशान था। उसकी तीन बेटियां हैं। पुलिस फिलहाल घटना से जुड़े कारणों और परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।














