नई दिल्ली, 1 अक्टूबर।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मध्यप्रदेश के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रदेश में चल रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी प्रधानमंत्री को दी। मुलाकात में वर्ष 2027 में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का निमंत्रण भी प्रमुख रूप से शामिल रहा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को समिट में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
बैठक में प्रदेश में निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने से जुड़े प्रयासों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने तथा औद्योगिक गतिविधियों को गति देने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही प्रदेश की आर्थिक प्रगति और विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों से भी प्रधानमंत्री को अवगत कराया गया।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा से जुड़ी जानकारी भी साझा की गई। इसके अलावा 17 सितंबर से प्रदेश में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों और जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को दी।
2027 के निवेश सम्मेलन को लेकर प्रधानमंत्री को दिया गया निमंत्रण प्रदेश की आगामी निवेश योजनाओं से जुड़ा है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की उपलब्धियों और आगे की विकास योजनाओं पर भी चर्चा की।














