भोपाल, 2 अक्टूबर।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को पत्रकार कॉलोनी स्थित युवा अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता स्व. दिव्यऋषि तिवारी के निवास पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने स्व. दिव्यऋषि के पिता आनंद तिवारी, माता रविकला तिवारी तथा भाइयों दिव्यांकु तिवारी और युगान्तर तिवारी से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और परिवार के प्रति अपनी आत्मीय संवेदनाएं प्रकट कीं।
मुख्यमंत्री के पहुंचने के दौरान स्थानीय विधायक भगवानदास सबनानी, समाजसेवी राहुल कोठारी, रविन्द्र यति, अमन यादव और अतुल यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा परिवार के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने दिव्यऋषि तिवारी के निधन पर शोक व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि दिव्यऋषि तिवारी का 27 सितंबर को भोपाल में एक सार्वजनिक स्थान पर लगे विद्युत पोल से करंट लगने के कारण आकस्मिक निधन हो गया था। उनकी उम्र 30 वर्ष थी। वे जिला न्यायालय और हाईकोर्ट में अधिवक्ता के रूप में कार्यरत थे। इसके साथ ही वे सामाजिक गतिविधियों और समाज सेवा के कार्यों में भी सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे।














