अररिया, 02 अक्टूबर।
रानीगंज थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कालाबलुआ गांव में कार्रवाई करते हुए एक बाइक सवार युवक को 100 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक की पहचान कालाबलुआ वार्ड संख्या 10 निवासी 22 वर्षीय शिवम कुमार पुत्र परमानंद यादव के रूप में हुई है। सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह ने गुरुवार रात प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कालाबलुआ से रानीगंज की ओर काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल से एक व्यक्ति स्मैक बिक्री के लिए ले जा रहा है। सूचना के बाद रानीगंज थाना पुलिस ने ग्राम बढ़हारा मुख्य मार्ग पर वाहन जांच शुरू की। जांच के दौरान पल्सर सवार शिवम कुमार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 100 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने मामले में रानीगंज थाने में कांड संख्या 334/2026 दर्ज किया है। यह मामला 30 सितंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी)/21(बी) के तहत दर्ज किया गया। कार्रवाई के बाद गिरफ्तार युवक को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, शिवम कुमार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह रानीगंज थाना कांड संख्या 576/24, दिनांक 26 दिसंबर 2024, धारा 30(ए) बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 के मामले में जेल जा चुका है। छापेमारी करने वाली टीम में रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक अजय कुमार पासवान, राकेश कुमार, सिपाही अमरेश कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।














