भोपाल, 2 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश में दुग्ध क्रांति को गति देने के उद्देश्य से केंद्रीय सहकारिता एवं गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार, 3 अक्टूबर को भोपाल में गौपालक सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। पशुपालन एवं डेयरी विभाग की ओर से यह आयोजन भेल दशहरा मैदान में होगा।
सम्मेलन में पशुपालन के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाली गौपालक दीदियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
अमित शाह उज्जैन में 3 लाख लीटर प्रतिदिन प्रसंस्करण क्षमता वाले आधुनिक डेयरी प्लांट का वर्चुअल भूमि-पूजन करेंगे। भोपाल में 40 हजार लीटर उत्पादन क्षमता वाले फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट और सहकारी क्षेत्र की राज्य स्तरीय डेयरी परीक्षण प्रयोगशाला का शुभारंभ भी होगा। शिवपुरी के मिनी डेयरी संयंत्र का भी लोकार्पण किया जाएगा।
सम्मेलन में भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ के दुग्ध उत्पादकों को बोनस राशि दी जाएगी। जुलाई और अगस्त 2026 की गौशाला अनुदान राशि भी ऑनलाइन डीबीटी से वितरित होगी। शाह आईआईएसईआर परिसर का शिलान्यास और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे।














