मुजफ्फरपुर, 02 अक्टूबर।
सरैया थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध रेवा घाट जंगली माई स्थान मंदिर के पास शुक्रवार सुबह बोरे में बंद एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना फैलते ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने मंदिर के समीप संदिग्ध बोरा पड़ा देखा था। बोरे से दुर्गंध आने पर जब उसे देखा गया तो अंदर युवती का शव मिला। इसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने मृतका की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। शव की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, युवती के चेहरे पर गहरे चोट के निशान दिखाई दिए हैं। इससे आशंका है कि उसके साथ बर्बरता की गई होगी। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवती की हत्या कहीं और करने के बाद शव को बोरे में डालकर सुनसान स्थान पर लाकर फेंका गया या नहीं।
घटना की जानकारी मिलते ही सरैया थानेदार देवेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को अपने नियंत्रण में लेकर लोगों को शव के पास जाने से रोक दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है, ताकि घटनास्थल और शव से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें। सरैया थानेदार देवेंद्र कुमार ने बताया कि युवती का शव हत्या के बाद बोरे में पैक कर मंदिर के पास फेंका हुआ मिला है। पुलिस टीम स्थानीय लोगों की सूचना पर तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम से जांच कराई जा रही है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही है। मृतका की पहचान के साथ घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ लापता युवतियों से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।














