भोपाल, 2 अक्टूबर।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गांधी जयंती के अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का लोकतंत्र वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के विचारों को आगे बढ़ाते हुए देश आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर ओल्ड विधानसभा चौराहे पर उनकी प्रतिमा पर भी श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने गांधी और शास्त्री के विचारों को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में स्वदेशी को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं और नई संसद का निर्माण भी इसी भावना के अनुरूप हुआ है। उन्होंने भारतीय मूल के कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की सराहना करते हुए यात्री विमान में लोगों की जान बचाने के उनके साहस को मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण बताया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 3 अक्टूबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह भोपाल आएंगे। गोपालक सम्मेलन के माध्यम से दुग्ध उत्पादन और युवाओं के कौशल विकास को बढ़ावा देने की बात कही गई। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।














