धर्मशाला, 02 अक्टूबर।
पुलिस थाना कांगड़ा के तहत कांगड़ा घाट में पुलिस ने नशीले कैप्सूल की बड़ी खेप के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कांगड़ा जिले के शाहपुर तहसील के चड़ी गांव एवं डाकघर निवासी नरेन्द्र सिंह के रूप में हुई है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि आरोपी के पास से 2.252 किलोग्राम कैप्सूल के साथ नीले रंग के 958 ग्राम कैप्सूल बरामद किए गए थे। बरामद कैप्सूल को रासायनिक परीक्षण के लिए धर्मशाला स्थित फोरेंसिक लैब भेजा गया था। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कैप्सूल में नशीला पदार्थ पाए जाने की पुष्टि हुई।
रिपोर्ट के आधार पर कांगड़ा पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।













