शाहजहांपुर, 2 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र में मंदिर में दो साधुओं की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई खून के धब्बों वाली लोहे की रॉड भी बरामद की है। यह कार्रवाई शुक्रवार को की गई।
ग्राम सूथा स्थित मंदिर में एक अक्टूबर की रात बाबा गोपाल दास और बाबा बिहारीदास पर लोहे की रॉड से हमला किया गया था। दोनों की हत्या के बाद आरोप है कि शवों को मंदिर में रखी लकड़ियों और दीपक जलाने के लिए रखे घी की सहायता से जला दिया गया।
मंदिर के संरक्षक शिव कुमार सिंह की शिकायत पर खुदागंज थाने में ग्राम सूथा निवासी 35 वर्षीय सुमित कुमार सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शुक्रवार सुबह कठिना नदी पुल के पास से उसे गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह मंदिर में खुद रहना चाहता था और इसी बात को लेकर उसने दोनों साधुओं की हत्या की। उसने पहचान छिपाने के लिए शवों को जलाने की बात भी स्वीकार की। वारदात के बाद रॉड को मंदिर के पास झाड़ियों में छिपाकर वह कठिना नदी के जंगल में जाकर छिप गया था।
पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर करीब ढाई फीट लंबी लोहे की रॉड बरामद की है। अपर पुलिस अधीक्षक देहात भंवरे दीक्षा अरुण ने बताया कि आरोपित के खिलाफ पहले से विभिन्न आपराधिक मामलों में सात मुकदमे दर्ज हैं।














