जौनपुर, 02 अक्टूबर।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने दो अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इनमें बक्शा थाना क्षेत्र में 41 लाख रुपये की लूट के मामले में फरार उपदेश पाठक और भूमि विवाद के दौरान हुई मौत के मामले में वांछित अंकज शर्मा उर्फ दीपक शर्मा शामिल हैं। पुलिस दोनों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। बक्शा थाना क्षेत्र में बीकानेर निवासी जयपाल शर्मा के साथ हुई 41 लाख रुपये की लूट के मामले में उपदेश पाठक फरार है। पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण के मुख्य आरोपित अभिनव सिंह को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने 35 लाख रुपये नकद और एक वाहन भी बरामद किया था। अब मामले में फरार उपदेश पाठक पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए गए हैं।
दूसरे मामले में कौली गांव निवासी अंकज शर्मा उर्फ दीपक शर्मा पर भी 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस के मुताबिक, 10 जून 2026 को कौली गांव में 48 वर्षीय अजय कुमार सिंह उर्फ पप्पू का पड़ोसियों से जमीन को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान हुई मारपीट में अजय कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस मामले में कुल 11 लोगों को नामजद किया गया था। पुलिस के अनुसार, इनमें से 10 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अंकज शर्मा उर्फ दीपक शर्मा अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।














