बांदा, 2 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के नरैनी कोतवाली क्षेत्र के नंदवारा गांव में दो सगे मासूम भाइयों की संदिग्ध मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद नया तथ्य सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार दोनों बच्चों की मौत पानी में डूबने से नहीं, सिर पर लगी चोटों के बाद अत्यधिक रक्तस्राव और कोमा में जाने से हुई थी। मामले में परिजनों की शिकायत पर नौ नामजद लोगों के खिलाफ हत्या कर शव गड्ढे में फेंकने का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी नामजद आरोपितों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है। शुक्रवार को पुलिस सुरक्षा के बीच दोनों भाइयों का अंतिम संस्कार कराया गया।
नंदवारा निवासी भैयाराम राजपूत के छह वर्षीय बेटे मनोज और चार वर्षीय बेटे युवराज की बुधवार दोपहर मौत हुई थी। दोनों स्कूल से लौटने और खाना खाने के बाद करीब एक बजे घर के बाहर खेलने गए थे। कुछ समय बाद उनके घर नहीं लौटने पर परिवार ने तलाश शुरू की। देर शाम दोनों के शव घर से लगभग 50 मीटर दूर सड़क किनारे नींव के लिए खोदे गए करीब छह फीट गहरे पानी से भरे गड्ढे से मिले थे।
शुरुआत में दोनों की मौत पानी में डूबने से होने की आशंका जताई गई थी। परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए पुरानी रंजिश के चलते हत्या का आरोप लगाया। पिता का कहना था कि बच्चों की हत्या के बाद शव गड्ढे में फेंके गए। शव मिलने के बाद कान और नाक से खून निकलने की बात भी सामने आई थी। इसी आशंका के कारण परिजनों ने शव पुलिस को सौंपने से इनकार कर दिया था, जिससे गुरुवार को पोस्टमार्टम कराने में देरी हुई।
सिर पर मिलीं दो-दो चोटें
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों बच्चों के सिर पर दो-दो चोटों के निशान मिले हैं। एक चोट करीब चार सेंटीमीटर और दूसरी लगभग 2.1 सेंटीमीटर गहरी बताई गई है। रिपोर्ट में चोट लगने के बाद रक्तस्राव और कोमा में जाने को मौत का कारण बताया गया है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच किया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि गांव के भवानीदीन सहित कुछ लोगों से उनकी पुरानी रंजिश चल रही है। उनका आरोप है कि 11 अगस्त को बच्चों की मां कलावती के साथ भी कुछ लोगों ने मारपीट की थी, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी। परिवार इसी विवाद को दोनों बच्चों की मौत से जोड़कर देख रहा है।
नौ लोगों पर हत्या का मामला
अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज के अनुसार बच्चों के लापता होने की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नरैनी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। तलाश के दौरान दोनों के शव पानी से भरे गड्ढे में मिले। पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल और वीडियोग्राफी के साथ कराया गया। परिजनों की तहरीर के आधार पर नौ लोगों के खिलाफ बच्चों की हत्या कर शव गड्ढे में फेंकने का मामला दर्ज किया गया है। नामजद लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। शुक्रवार को पुलिस सुरक्षा के बीच दोनों बच्चों का अंतिम संस्कार किया गया।














