धर्मशाला, 02 अक्टूबर।
कांगड़ा जिले के भवारना थाना क्षेत्र के परौर में 28 सितंबर की रात बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर सोने की चेन छीनने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान राहुल सैमुअल (32) निवासी वार्ड नंबर 3, मोल खड्ड, डाकघर व तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में राहुल ने वारदात में अपने साथी अरुणवीर सिंह उर्फ मोंगली निवासी परौर के साथ शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, दोनों 28 सितंबर की मध्यरात्रि परौर में एक घर में घुसे थे, जहां कमरे में सो रही बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए थे।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहुल को अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मामले का दूसरा आरोपी अरुणवीर सिंह उर्फ मोंगली पहले ही भवारना थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में गिरफ्तार हो चुका है। उसे अदालत में पेश किए जाने के बाद पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
एसपी कांगड़ा के अनुसार, पुलिस अब आरोपियों से छीनी गई सोने की चेन बरामद करने के प्रयास में जुटी है। इसके साथ ही घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं और क्या दोनों आरोपी क्षेत्र में हुई अन्य चोरी या चेन छीनने की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं।














