नोएडा, 03 अक्टूबर।
नोएडा के थाना सेक्टर 113 क्षेत्र में एक महिला पत्रकार के साथ डराने-धमकाने और मारपीट की गंभीर वारदात सामने आई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के अनुसार, बीती रात एक महिला पत्रकार सुमन ने थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह एक न्यूज चैनल में काम करती हैं और घटना के वक्त परथला स्थित सीएनजी पेट्रोल पंप पर अपनी कार में गैस भरवाने के लिए रुकी थीं।
उसी दौरान एक संदिग्ध गाड़ी तेज आवाज में हूटर बजाते हुए उनकी कार के चक्कर काटने लगी, जिस पर उन्होंने उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
पीड़िता के मुताबिक वह गाड़ी किसी भी अधिकारी या नेता की नहीं थी, लेकिन इसके बावजूद उसमें सवार लोग लगातार परेशान कर रहे थे।
जैसे ही उन्होंने अपनी कार आगे बढ़ाई, वैसे ही दूसरी कार से आए तीन लड़के उनकी गाड़ी के पास उतरे और चाबी निकालकर वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाने लगे।
विरोध करने पर आरोपियों ने धमकी दी कि वीडियो डिलीट कर दो वरना जान से मार देंगे क्योंकि मर्डर करना हमारे लिए आम बात है और हम जेल भी काट लेंगे।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपियों में से एक ने शराब पी रखी थी और उन लोगों ने गला दबाने की कोशिश करते हुए लगातार जान से मारने की धमकी दी।
घटना के दौरान डरी-सहमी पीड़िता ने किसी तरह फोन करके आपातकाल में पुलिस को मौके पर बुलाया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।
थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।














