सूरजपुर, 03 अक्टूबर।
सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में जून में पकड़े गए 848 किलो 650 ग्राम गांजे के मामले में पुलिस ने एक और फरार आरोपित को मध्यप्रदेश के कटनी से गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 4 करोड़ 24 लाख रुपये बताई गई है। इस प्रकरण में पहले आठ आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार 4 जून को सूचना मिली थी कि अंबिकापुर से मनेन्द्रगढ़ जा रही नीलम बस में गांजा ले जाया जा रहा है। सिलफिली के पास कार्रवाई कर बस से 53 बोरियों और कपड़े में बंधी गठरियों से गांजा बरामद किया गया था। मौके से 478 झाड़ू, बस और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया था।
मामले में कई आरोपितों के साथ बस चालक छोटन राम को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 24 अगस्त को कटनी के बरही निवासी जाजोन सिंह भी पकड़ा गया था। प्रकरण में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
जांच के दौरान पुलिस को अरसेन धुर्वे पवार के जिला जेल कटनी से रिहा होने की जानकारी मिली। सूचना पर पुलिस ने उसे जेल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपित ने गांजा और झाड़ू ओडिशा से लाकर बस के जरिए मध्यप्रदेश ले जाने की योजना की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार गांजा झाड़ू की गठरियों में छिपाया गया था। अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है।














