नोएडा, 03 अक्टूबर।
नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से बाल यौन शोषण से संबंधित आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री प्रसारित करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, साइबर सेल से मिली सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक अतुल प्रताप ने शनिवार सुबह थाने में शिकायत दी। सूचना में एक संदिग्ध इंस्टाग्राम उपयोगकर्ता की पहचान प्रीत गुर्जर के रूप में बताई गई थी। साइबर सेल की ओर से संबंधित प्रोफाइल के आईपी एड्रेस, उपकरण, आईडी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक विवरण भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रीत भड़ाना उर्फ प्रीत गुर्जर के मोबाइल नंबर से जुड़े मामले में प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना प्रभारी के अनुसार, साइबर सेल की सूचना में संदिग्ध प्रोफाइल से बाल यौन शोषण से संबंधित दो आपत्तिजनक डिजिटल फाइलें अपलोड किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 में वर्ष 2008 के संशोधन के तहत धारा 67 में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों और उपलब्ध तकनीकी जानकारी के आधार पर जांच कर रही है।।














