भोपाल, 03 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश में मानसून का नियमित दौर 30 सितंबर को समाप्त होने के बाद मौसम में बदलाव साफ दिखाई देने लगा है। बारिश का दौर थम गया है और अब कई इलाकों में दिन गर्म तथा रातें ठंडी हो रही हैं। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। शुक्रवार रात अमरकंटक में 17.1, शाजापुर में 17.3, धार में 17.5, इंदौर और पचमढ़ी में 17.6 तथा भोपाल और उज्जैन में 18 डिग्री तापमान रहा। दूसरी ओर बड़वानी, धार, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम में दिन का तापमान 35 डिग्री से ऊपर पहुंच रहा है। पचमढ़ी और अमरकंटक में अधिकतम तापमान 29 डिग्री से नीचे रहा। मौसम विभाग के अनुसार अक्टूबर के शुरुआती करीब 15 दिन बदलाव वाले होते हैं। आसमान साफ रहने से दिन में धूप तेज होगी और रात में तापमान गिरने से ठंडक बढ़ेगी। मानसून की वापसी रेखा फिलहाल पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान से गुजर रही है तथा मध्य प्रदेश में यह ग्वालियर-चंबल और उज्जैन संभाग के ऊपर बनी है। अगले 2 से 3 दिन में मानसून की वापसी शुरू होने और 10 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश से विदाई की संभावना है।
अक्टूबर में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने का अनुमान है। 3, 4 और 5 अक्टूबर को कहीं बारिश की संभावना नहीं है, जबकि 6 अक्टूबर को टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी और अनूपपुर में हल्की बारिश हो सकती है। इस मानसून में मध्य प्रदेश में 908.4 मिलीमीटर यानी 35.8 इंच बारिश हुई, जो सामान्य 949.5 मिलीमीटर यानी 37.3 इंच से करीब 1.5 इंच कम और कुल मिलाकर 4 प्रतिशत कम है। पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 4 प्रतिशत अधिक तथा पश्चिमी हिस्से में 12 प्रतिशत कम बारिश हुई। पूर्वी क्षेत्र के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में औसत से 4 प्रतिशत अधिक बारिश रही, हालांकि बालाघाट, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, रीवा, सागर और सिवनी में 5 से 21 प्रतिशत तक कमी रही। पश्चिमी हिस्से में आलीराजपुर, अशोकनगर, बड़वानी, बैतूल, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन और विदिशा में 9 से 51 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज हुई। प्रदेश के 25 जिलों भोपाल, राजगढ़, बुरहानपुर, खरगोन, कटनी, मंडला, डिंडौरी, ग्वालियर, गुना, दतिया, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर, आगर-मालवा, भिंड, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, सतना, मऊगंज, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर में सामान्य बारिश का आंकड़ा पूरा हो चुका है।














