भोपाल, 3 अक्टूबर।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान भोपाल के विस्तारित अत्रि परिसर का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि देश में अनुसंधान और नवाचार को लगातार प्रोत्साहन मिल रहा है और मध्य प्रदेश भी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के अधिकतम उपयोग की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने परिसर में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण किया और संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों व शोध गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी देखी। उन्होंने बताया कि करीब 485 करोड़ रुपये की लागत से नए परिसर, आधुनिक प्रयोगशालाएं और नवाचार पार्क विकसित किए जाएंगे।
यह विस्तारित परिसर 52 एकड़ भूमि पर विकसित होगा। यहां क्वांटम एवं उन्नत पदार्थ, ड्रोन तकनीक, सतत प्रणालियां, चिकित्सा उपकरण एवं निदान तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता और रोबोटिक्स जैसे क्षेत्रों में शोध किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सुविधाओं से विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को उभरती तकनीकों पर काम करने के नए अवसर मिलेंगे। संस्थान का उद्देश्य शिक्षा के साथ अनुसंधान और नवाचार को आगे बढ़ाना है।














