बलिया, 03 अक्टूबर।
बैरिया थाना क्षेत्र में माझी पुल के पास शुक्रवार रात बिहार से आलू बेचकर ट्रैक्टर से लौट रहे युवक को बाइक सवार दो लोगों ने कथित तौर पर गोली मार दी। गोली बाएं जांघ में लगने से लीला छपरा निवासी बबलू कुमार गुप्ता घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैरिया ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, रात करीब 10 बजे बबलू अपने चालक रितेश यादव के साथ बिहार के एकमा से ट्रैक्टर द्वारा वापस लौट रहे थे। इसी दौरान माझी पुल के पास बाइक सवार दो लोग पहुंचे और पीछे बैठे व्यक्ति ने कथित रूप से फायरिंग कर दी। गोली बबलू की बाईं जांघ में लगी।
घटना की सूचना घायल के भाई सुशील कुमार गुप्ता ने चांद दियर चौकी पर दी। पुलिस के मुताबिक, चालक रितेश यादव ने दोनों आरोपियों की पहचान चांद दियर निवासी अरुण यादव, पुत्र राजनाथ यादव और संदीप यादव, पुत्र रमाशंकर यादव के रूप में की है। क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक कुमार गुप्ता के अनुसार, परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है।













