आगरमालवा, 03 अक्टूबर।
कृषि उपज मंडी में फसल बिक्री के बाद नगद भुगतान नहीं मिलने से नाराज किसानों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। किसानों ने मंडी का मुख्य गेट बंद कर नारेबाजी की और इसके बाद छावनी नाका चौराहे पर पहुंचकर चक्काजाम कर दिया। इससे उज्जैन-झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 552-जी पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन बाधित हो गया। सूचना मिलने पर एसडीएम कमल मंडलोई और एसडीओपी सहित पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत कर उनकी समस्या जानी।
किसानों ने बताया कि फसल बेचने के बाद उन्हें तत्काल नगद भुगतान चाहिए, लेकिन व्यापारी बैंक पासबुक लाने और राशि खाते में जमा करने की बात कह रहे हैं। किसानों के अनुसार खेती से जुड़े जरूरी कामों और ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित अन्य खर्चों के लिए उन्हें तत्काल नकदी की आवश्यकता होती है। बैंक खाते में भुगतान होने के बाद राशि निकालने में अतिरिक्त समय और परेशानी होती है। अधिकारियों ने किसानों को दोपहर 2 बजे तक नगद भुगतान की व्यवस्था कराने का प्रयास करने का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब एक घंटे से जारी चक्काजाम किसानों ने समाप्त कर दिया।














