उज्जैन, 03 अक्टूबर।
कानिपुरा स्थित तिरुपति धाम कॉलोनी में शनिवार सुबह किराए के कमरे में गैस सिलेंडर से हुए विस्फोट में 24 वर्षीय संदीप गंभीर रूप से झुलस गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रातभर एलपीजी गैस का रिसाव होने से कमरे में गैस जमा हो गई थी। सुबह संदीप ने सिगरेट जलाने के लिए जैसे ही माचिस की तीली जलाई, जमा गैस ने आग पकड़ ली और जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि कमरे की एक दीवार गिर गई तथा दरवाजे और खिड़कियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के समय उसका साथी देवीलाल बाथरूम में था, इसलिए वह सुरक्षित बच गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
संदीप मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है और करीब 20 दिन पहले काम के सिलसिले में उज्जैन आया था। वह शिप्रा गैस एजेंसी में सिलेंडर डिलीवरी और फिटिंग का काम करता था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिचितों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसके करीब 70 प्रतिशत झुलसने की जानकारी दी। हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का निरीक्षण किया और गैस रिसाव, सिलेंडर की स्थिति तथा अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर गैस रिसाव के कारण कमरे में गैस जमा होने और माचिस जलाने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।














