नोएडा, 03 अक्टूबर।
दनकौर थाना क्षेत्र स्थित गलगोटिया यूनिवर्सिटी में बीएससी एग्रीकल्चर की 21 वर्षीय छात्रा साक्षी कुमारी की मौत के मामले में उसके परिवार ने शनिवार को उसके दोस्त अमन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। बिहार के दरभंगा निवासी साक्षी विश्वविद्यालय में चतुर्थ वर्ष की छात्रा थी। पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को परिवार को उसकी मौत की जानकारी मिली थी। अंतिम संस्कार के बाद परिजनों ने मामले की जानकारी जुटाई तो उन्हें साक्षी के अमन नाम के युवक के साथ संबंध होने का पता चला। अमन भी गलगोटिया यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहा है और परिवार के अनुसार वह अक्सर साक्षी के साथ रहता था।
साक्षी के पिता अशोक कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि अमन के कथित दुष्प्रेरण के कारण उनकी बेटी ने आत्महत्या की। परिवार की शिकायत के आधार पर दनकौर थाना पुलिस ने अमन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, प्रकरण की जांच की जा रही है और सामने आए आरोपों तथा परिस्थितियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।













