भोपाल, 3 अक्टूबर।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भोपाल के भेल दशहरा मैदान में नवीन न्याय संहिताओं पर आधारित पांच दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रदर्शनी के विभिन्न क्षेत्रों का अवलोकन किया। सात अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में भारतीय न्याय व्यवस्था में हुए बदलावों और आपराधिक मामलों में कार्रवाई की पूरी प्रक्रिया को प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी में 14 अलग-अलग क्षेत्र बनाए गए हैं। इनमें अपराध की सूचना मिलने से लेकर विवेचना, फॉरेंसिक जांच, अभियोजन और न्यायालयीन प्रक्रिया तक की जानकारी सजीव मॉडल, डिजिटल तकनीक, वीडियो और चार्ट के माध्यम से दी गई है।
एक क्षेत्र में डायल-112 और आधुनिक राज्य कमांड सेंटर की कार्यप्रणाली दिखाई गई है। अन्य क्षेत्रों में अपराध स्थल की जांच, ई-एफआईआर, जीरो एफआईआर, चिकित्सा साक्ष्य और जेल सुधार से जुड़ी व्यवस्थाओं को समझाया गया है।
प्रदर्शनी में डीएनए, फिंगरप्रिंट, बैलिस्टिक और डिजिटल फॉरेंसिक जांच की जानकारी भी दी गई है। अभियोजन, जिला न्यायालय, उच्च न्यायालय और ई-प्रिजन व्यवस्था को भी प्रदर्शित किया गया है।
इसके अलावा साइबर सुरक्षा, नक्सल उन्मूलन, महिला हेल्प डेस्क, ऑपरेशन मुस्कान और नशामुक्ति अभियान की जानकारी दी गई है। नागरिकों के लिए लाइव प्रश्नोत्तरी भी रखी गई है।














