भोपाल, 3 अक्टूबर।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन में कहा कि पशुधन और दुग्ध उत्पादन किसानों व पशुपालकों की आर्थिक समृद्धि का महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश में प्रतिदिन 50 लाख लीटर दूध उत्पादन का लक्ष्य हासिल करने की अपील की।
शाह ने सम्मेलन में उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्रतिदिन तीन लाख लीटर क्षमता के दूध प्रसंस्करण संयंत्र का भूमि-पूजन किया। भोपाल में नव निर्मित डेयरी संयंत्र और राज्य स्तरीय गुणवत्ता प्रयोगशाला तथा शिवपुरी में मिनी डेयरी के सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया गया।
उन्होंने भोपाल और इंदौर दुग्ध संघों से जुड़े पशुपालकों को बोनस राशि तथा प्रदेश की गौशालाओं के लिए सहायता राशि वितरित की। पांच गौपालक दीदियों को सम्मानित किया गया और कामधेनु योजना के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र दिए गए।
शाह ने कहा कि श्वेत क्रांति 2.0 के तहत गांवों में नई डेयरी सहकारी समितियां बनाने और मौजूदा समितियों को मजबूत करने का लक्ष्य है।














