हाथरस, 03 अक्टूबर।
सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के नगला मोहनलाल निवासी 58 वर्षीय किसान महिपाल सिंह का शव शनिवार तड़के ग्राम पंचायत घूंचा के एक खेत में ट्रैक्टर से जुड़े कल्टीवेटर के नीचे मिला। शव के पास डंडा और लोहे की सरिया मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। सूचना मिलते ही सादाबाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी वहां जुट गए। महिपाल सिंह ने करीब आठ महीने पहले अपने छोटे भाई जंगजीत की पुत्रवधू नीता, पत्नी स्वर्गीय अजीत सिंह से घूंचा ग्राम पंचायत में करीब सवा बीघा जमीन खरीदी थी। इसी जमीन को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। परिजनों के अनुसार, दो दिन पहले जंगजीत के परिवार के लोगों ने इसी खेत की जुताई कर सरसों बोई थी।
बताया गया कि शनिवार सुबह करीब तीन बजे महिपाल सिंह ट्रैक्टर लेकर खेत में पहुंचे और जुताई करने लगे। इसी दौरान उन पर हमला किए जाने की आशंका है। परिजनों के अनुसार, महिपाल ने हमलावरों से बचने के लिए ट्रैक्टर लेकर भागने की कोशिश की। ट्रैक्टर कच्ची सड़क पार कर दूसरे खेत में पहुंच गया, जहां कल्टीवेटर के नीचे उनका शव औंधे मुंह पड़ा मिला। मृतक के बेटों ने परिवार के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की मांग भी की। इंस्पेक्टर विजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस घटना के कारणों तथा इसमें शामिल लोगों की भूमिका समेत विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।














