नोएडा, 03 अक्टूबर।
सेक्टर-113 थाना क्षेत्र की आम्रपाली प्रिंसले स्टेट सोसाइटी में अपार्टमेंट ओनर एसोसिएशन (एओए) के चुनाव को लेकर मारपीट और चुनाव संबंधी फाइलों से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। सोसाइटी निवासी रविंद्र कुमार गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें चुनाव समिति का सदस्य बनाया गया है। आरोप है कि एक अक्टूबर को चुनाव प्रक्रिया से जुड़े काम के दौरान वर्तमान अध्यक्ष विकास कुमार के उकसावे पर मनोज पांडे, साकेत गुप्ता, आर्थिक एल सिंह समेत अन्य लोग वहां पहुंचे और चुनाव समिति के सदस्यों से बदसलूकी करते हुए मारपीट की। शिकायत के अनुसार, मनोज पांडे ने समिति सदस्य सौरव श्रीवास्तव को थप्पड़ भी मारा। आरोप है कि बाहर से कुछ अन्य लोगों को बुलाकर चुनाव समिति के स्ट्रांग रूम से कुछ फाइलें ले जाई गईं और उनके साथ छेड़छाड़ की गई।
शिकायतकर्ता ने विकास कुमार पर आपराधिक पृष्ठभूमि होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह आए दिन लोगों से विवाद और मारपीट करता है तथा उसके खिलाफ कई गंभीर मामले अदालत में चल रहे हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि वह फिलहाल जमानत पर बाहर है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।













