मुंबई, 03 अक्टूबर।
राजस्व खुफिया निदेशालय की मुंबई टीम ने एयरपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए 13.74 करोड़ रुपये के सोने और हीरे के साथ आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में चार बांग्लादेशी और दो श्रीलंकाई नागरिक शामिल हैं।
जांच के दौरान अधिकारियों ने 12.64 करोड़ रुपये मूल्य का 8,320 ग्राम सोना और 1.10 करोड़ रुपये के हीरे बरामद किए। जब्त माल की कुल कीमत 13.74 करोड़ रुपये बताई गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।
डीआरआई को एयरपोर्ट की कैंटीन में ग्राउंड स्टाफ के तौर पर काम करने वाले एसके अंसारी के कथित तौर पर तस्करी में शामिल होने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने डिपार्चर गेट के पास वॉशरूम में अंसारी और कर्नाटक निवासी एमएस लोवना बल्ली को पकड़ा।
अधिकारियों के अनुसार, अंसारी उस समय लोवना को भूरे टेप से लिपटा एक पैकेट दे रहा था। तलाशी में अंसारी के पास एक काला मोजा मिला, जिसमें मोम जैसे पदार्थ से बने तीन कैप्सूल थे।
पूछताछ में अंसारी ने बताया कि वह एक ट्रांजिट यात्री को सोना सौंप चुका है और छह अन्य यात्री भी सोना लेकर ट्रांजिट क्षेत्र में मौजूद हैं। इसके बाद चार बांग्लादेशी नागरिकों शहादत हुसैन, मुबारक हुसैन, मोहम्मद जुअल और मुहम्मद मिजानुद्दीन तथा दो श्रीलंकाई नागरिकों मोहम्मद रिफास और मोहम्मद अनवर आशिक हसन को गिरफ्तार किया गया।
डीआरआई के मुताबिक, पूछताछ में छह ट्रांजिट यात्रियों ने कथित तौर पर एक ही तस्करी गिरोह के लिए काम करने और उसके निर्देश पर सोने के कैप्सूल अंसारी को देने की बात स्वीकार की। चार बांग्लादेशी नागरिक दुबई से मुंबई होते हुए ढाका जा रहे थे। रिफास सिंगापुर और अनवर आशिक हसन भी सिंगापुर जाने वाले थे। लोवना ने पैसे के लालच में भारत से हीरों की तस्करी की कोशिश करने की बात स्वीकार की है।













