कानपुर, 05 अक्टूबर।
किदवई नगर थाना क्षेत्र के निराला नगर स्थित ब्लॉसम अपार्टमेंट में रविवार देर रात स्वास्थ्य विभाग में तैनात 38 वर्षीय चिकित्सक डॉ. संदीप सिंह ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर उनकी पत्नी कमरे में पहुंचीं तो संदीप घायल अवस्था में पड़े थे। परिजन उन्हें तुरंत निजी अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच करने के साथ रिवॉल्वर को कब्जे में लेकर अन्य साक्ष्य भी जुटाए हैं। संदीप वर्तमान में कानपुर देहात में स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत थे।
पुलिस के मुताबिक आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है, हालांकि शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद की जानकारी सामने आई है। रविवार रात दोनों के बीच विवाद होने की बात भी सामने आई है। मूलरूप से चकेरी लाल बंगला के परदेवनपुरवा निवासी संदीप पत्नी कंचन और छह माह के बेटे के साथ निराला नगर में अलग रहते थे। उनके पिता राज बहादुर सिंह, मां और छोटा भाई विक्रम पैतृक घर में रहते हैं। संदीप की पहली शादी करीब चार साल पहले तलाक में समाप्त हुई थी और पहली पत्नी से उनकी पांच साल की बेटी है। करीब तीन साल पहले उन्होंने कासगंज निवासी कंचन से दूसरी शादी की थी, जिसे परिवार ने प्रेम विवाह बताया है। पिता के अनुसार, रविवार देर रात कंचन ने फोन कर घटना की जानकारी दी थी। पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि चिकित्सक की मौत की सूचना के बाद पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूछताछ और जांच के आधार पर घटना की वजह स्पष्ट करने में जुटी है।














