मंदसौर, 5 अक्टूबर।
मल्हारगढ़ क्षेत्र में बूढ़ा-टकरावद मार्ग पर गर्रावद फंटे के समीप सोमवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। खेड़ा काल्याखेड़ी निवासी लालसिंह ईश्वर सिंह अपनी बाइक से जा रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर, कंधे और पैरों में गंभीर चोटें आईं।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। परिजनों के अनुसार, हादसे के बाद लालसिंह करीब डेढ़ घंटे तक सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े रहे। बाद में वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने उन्हें देखा और अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि बाइक को टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन चालक घायल को मौके पर छोड़कर वाहन लेकर फरार हो गया। उन्होंने पुलिस से दुर्घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच कर वाहन व चालक का पता लगाने की मांग की है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है तथा अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।














