बलरामपुर, 5 अक्टूबर।
पस्ता थाना क्षेत्र की डौरा पुलिस ने वसीम अंसारी हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने कुल्हाड़ी से हमला कर वसीम की हत्या की और पहचान छिपाने के लिए शव को अलग-अलग जगहों पर ठिकाने लगाने का प्रयास किया। सूचना मिलने के कुछ घंटों में संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे ग्राम कोदौरा निवासी वसीम एक्टिवा से गांव जाने की बात कहकर निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। अगले दिन उसकी एक्टिवा मक्का बाड़ी के पास मिली। परिजन की शिकायत पर डौरा चौकी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान ग्राम भीतर चिल्मा उबका जंगल में नाले के पास गड्ढे में एक व्यक्ति का कटा हुआ सिर मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने वसीम के भाई से पहचान कराई, जिसने सिर की पहचान वसीम के रूप में की।
पूछताछ में ग्राम कोटडीह निवासी सोनू खैरवार और उसकी पत्नी मनबासो की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार, मनबासो और वसीम के बीच पहले से संबंध थे। घटना की शाम मनबासो ने फोन कर वसीम को मिलने बुलाया था। पुलिस के मुताबिक वहां पहुंचने के बाद दोनों ने कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या की और शव को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया।
पुलिस ने सोनू और मनबासो को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। मामले की आगे जांच जारी है।














