गुवाहाटी, 05 अक्टूबर।
असम में कथित जासूसी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्पेशल टॉस्क फोर्स ने एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑपरेटिव से संपर्क रखने और सुरक्षा बलों से संबंधित संवेदनशील जानकारी साझा करने का आरोप है।
असम पुलिस मुख्यालय के अनुसार, एसटीएफ थाने में दर्ज मामले की आगे की जांच के दौरान बिहार के बेगूसराय निवासी 39 वर्षीय रितेश कुमार सिंह को गुवाहाटी के सातगांव स्थित किराए के मकान से पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था।
जांच के बाद रितेश कुमार सिंह को मुख्य आरोपित अभिषेक कुमार सिंह की मदद करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। अभिषेक को इसी मामले में रविवार को गुवाहाटी से गिरफ्तार किया गया था।
प्रारंभिक जांच में रितेश की जासूसी से जुड़ी गतिविधियों में संलिप्तता सामने आने का दावा किया गया है। पुलिस के अनुसार, उस पर सुरक्षा बलों से संबंधित गोपनीय जानकारी पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑपरेटिव तक पहुंचाने का भी आरोप है।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।














