दमोह, 05 अक्टूबर।
शहर में 3 अक्टूबर को सामने आए गर्भवती गाय की हत्या के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने सोमवार को नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, मामले से जुड़े कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार को कसाई मंडी क्षेत्र में गर्भवती गाय की हत्या की सूचना मिलने के बाद हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्रित हुए थे। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर घंटाघर क्षेत्र में प्रदर्शन किया गया था। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा और शहर में तनाव की स्थिति भी बनी थी।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रदर्शनकारियों ने तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव की ओर से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच और आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने कसाई मंडी और नूरी नगर क्षेत्र में जानकारी जुटाई। इन इलाकों में कुछ स्थानों को लेकर लगातार सूचनाएं मिलने के बाद पुलिस टीमों ने उन्हें चिन्हित किया और संबंधित ठिकानों पर दबिश दी।
इसी दौरान प्रशासन, नगर पालिका और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने भी संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। चिन्हित स्थानों की जांच के साथ कुछ जगहों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की गई।
नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडे ने बताया कि जांच और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर सोमवार को नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कुछ आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद सिटी कोतवाली के आसपास बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए। न्यायालय परिसर और वहां जाने वाले मार्ग पर भी भीड़ रही। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर फरार आरोपियों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।














