लखनऊ, 05 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों पर होने वाले द्विवार्षिक चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने आठ उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने इस बार मौजूदा राज्यसभा सदस्यों को दोबारा मौका देने के बजाय नए चेहरों पर भरोसा जताया है। सूची में केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी और बनवारी लाल वर्मा का नाम नहीं है।
हरदीप पुरी का राज्यसभा कार्यकाल 25 नवंबर 2026 तक है। वहीं बनवारी लाल वर्मा को भी इस बार उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए प्रत्याशी नहीं बनाया गया है। दोनों के नाम सूची में नहीं होने के बाद उनके केंद्रीय मंत्रिमंडल में बने रहने को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, पार्टी की ओर से इस संबंध में कोई घोषणा नहीं की गई है।
भाजपा ने उत्तर प्रदेश से धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पाण्डेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को उम्मीदवार बनाया है। सूची में दो महिलाओं को भी स्थान दिया गया है।
धर्मपाल सिंह योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और आंवला विधानसभा सीट से विधायक हैं। वह लोध समुदाय से आते हैं और पांच बार विधानसभा सदस्य रह चुके हैं। प्रियंका सिंह रावत बाराबंकी से लोकसभा सांसद रह चुकी हैं और वर्तमान में भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। वह पासी समुदाय से आती हैं।
विद्यासागर सोनकर उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य हैं और भाजपा में प्रदेश महामंत्री तथा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जैसे पदों पर रह चुके हैं। राम प्रताप सिंह चौहान एत्मादपुर से पूर्व विधायक और भाजपा के प्रदेश महामंत्री हैं। वह ठाकुर समुदाय से आते हैं।
श्रुति गंगवार झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की बेटी हैं और बरेली क्षेत्र में सक्रिय भाजपा नेता हैं। प्रकाश पाल भाजपा के प्रदेश ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष हैं तथा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
गोपी कृष्ण पाण्डेय लंबे समय से संघ और भाजपा संगठन से जुड़े हैं तथा ब्राह्मण समाज से आते हैं। राधाकांत ओझा प्रयागराज के वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रह चुके हैं।
राज्यसभा टिकट को लेकर पहले स्मृति ईरानी, वरुण गांधी, संजीव बाल्यान और कवि कुमार विश्वास के नामों की भी चर्चा थी, लेकिन घोषित सूची में इनमें से किसी को जगह नहीं मिली है।
उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होगा। नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर, जांच 7 अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तारीख 9 अक्टूबर है। मतदान सुबह 9 से शाम 4 बजे तक होगा और उसी दिन शाम 5 बजे मतगणना शुरू होगी।














