जबलपुर, 5 अक्टूबर।
गोहलपुर थाना पुलिस ने नकबजनी और वाहन चोरी की कई घटनाओं का खुलासा करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो शातिर नकबजन शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर सोने-चांदी के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक सामान, घरेलू सामग्री और महिंद्रा पिकअप व टाटा इंट्रा वाहन समेत करीब 25 लाख रुपये का माल बरामद किया है।
अमन नगर के सूने मकान में ताला तोड़कर आभूषण और 2.75 लाख रुपये नकद चोरी के मामले में नुरूद्दीन अंसारी उर्फ अज्जु, मोहम्मद इरशाद और भीम उर्फ आदिल खान को पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने एक अन्य मकान से फ्रिज, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने की बात भी स्वीकार की। उनकी सूचना पर चोरी की सामग्री बरामद की गई।
पुलिस ने टाटा इंट्रा पिकअप चोरी के मामले में राजू उर्फ रामगोपाल साहू और सौरभ दहिया को गिरफ्तार किया। चोरी का वाहन रीवा जिले से बरामद किया गया। एक अन्य पिकअप खजरी-खिरिया क्षेत्र से मिली।
पुलिस के अनुसार नुरूद्दीन के खिलाफ अलग-अलग थानों में 11 और मोहम्मद इरशाद के खिलाफ पांच मामले दर्ज हैं। सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।














