अमेठी, 05 अक्टूबर।
जिले के रामगंज थाना क्षेत्र में घर में घुसकर 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म किए जाने का आरोप सामने आया है। आरोप है कि घटना के दौरान आरोपी ने किशोरी की मां को कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक घटना तीन अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे हुई। आरोप है कि गांव का अमन गुप्ता पुत्र मनोज कुमार गुप्ता घर में दाखिल हुआ और किशोरी के साथ जबरन दुष्कर्म किया। किशोरी की आवाज सुनकर उसकी मां ने दरवाजा खोला तो आरोपी हाथ में कट्टा लिए सामने खड़ा था। आरोप है कि उसने घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी और धक्का देकर वहां से फरार हो गया।
पीड़िता के परिजनों का कहना है कि आरोपी के जाने के बाद उसका मोबाइल फोन घर में ही मिला। शिकायत में किशोरी के कपड़ों पर खून के निशान मिलने की बात भी कही गई है। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी रामराज कुशवाहा ने सोमवार को बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।














