कानपुर, 05 अक्टूबर।
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के आउटर पर धीमी गति से गुजरने वाली ट्रेनों को निशाना बनाकर यात्रियों के मोबाइल और सामान पर हाथ साफ करने वाले आरोपित को जीआरपी ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह कार्रवाई हैरिशगंज पुल के आगे सीपीसी वाशिंग लाइन की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर पावर हाउस के पास चेकिंग के दौरान की। पकड़े गए युवक की पहचान हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र स्थित गुसियारी निवासी रसीद उर्फ लाला खान के रूप में हुई है। तलाशी में उसके पास से दो चोरी के मोबाइल बरामद किए गए, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। दोनों मोबाइल कानपुर सेंट्रल जीआरपी में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित हैं।
पूछताछ में आरोपित ने कथित तौर पर बताया कि वह आउटर पर ट्रेन की रफ्तार कम होने के दौरान यात्रियों के मोबाइल और अन्य कीमती सामान को निशाना बनाता था। जीआरपी के अनुसार रसीद के खिलाफ कानपुर सेंट्रल में दर्ज दो मामलों के अलावा वर्ष 2019 में जीआरपी चारबाग और वर्ष 2024 में जीआरपी बांदा में भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस बरामद मोबाइलों और पूर्व में दर्ज मामलों के आधार पर आरोपित से पूछताछ कर रही है तथा उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।














