नई दिल्ली, 05 अक्टूबर।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय पार्मेलिन आज नई दिल्ली में द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। पार्मेलिन तीन दिवसीय भारत यात्रा पर सोमवार सुबह नई दिल्ली पहुंचे।
हवाईअड्डे पर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति का स्वागत किया। उनके साथ वरिष्ठ अधिकारियों और कारोबारी प्रतिनिधियों का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, पार्मेलिन की यात्रा से भारत और स्विट्जरलैंड के बीच साझेदारी को और मजबूती मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी और पार्मेलिन दोनों देशों के बीच सहयोग की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
वार्ता में व्यापार और निवेश, विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार, आवागमन, संस्कृति तथा दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा होगी।
दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार साझा करेंगे। बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग से जुड़े मुद्दे भी बातचीत का हिस्सा होंगे।
स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति आज शाम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर भी पार्मेलिन से मुलाकात करेंगे।
पार्मेलिन की यह भारत की पहली राजकीय यात्रा है और इस साल उनकी दूसरी भारत यात्रा है। इससे पहले फरवरी में उन्होंने नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में हिस्सा लेने के लिए भारत का दौरा किया था।
उनकी मौजूदा यात्रा का महत्व 7 अक्टूबर को होने वाले दूसरे भारत-ईएफटीए समृद्धि शिखर सम्मेलन में उनकी भागीदारी को लेकर भी बढ़ गया है। यह सम्मेलन भारत-ईएफटीए व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौते के लागू होने की पहली वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित होगा।
ईएफटीए देशों में स्विट्जरलैंड भारत का सबसे बड़ा व्यापार और निवेश साझेदार है। दोनों देशों के बीच लंबे समय से मैत्रीपूर्ण संबंध हैं।
पार्मेलिन की यात्रा से दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय संपर्क को आगे बढ़ाने और आपसी हित के नए क्षेत्रों में सहयोग को गहरा करने की उम्मीद है।














