शिमला, 5 अक्टूबर।
शिमला पुलिस ने नशा सप्लाई नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचते हुए चिट्टे के दो मामलों में दो मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आई पिछली कड़ियों के आधार पर अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े आरोपितों तक पहुंच बनाई गई।
पहले मामले में 27 सितंबर को शोघी में जांच के दौरान कुल्लू के निथर निवासी क्षितिज वर्मा से करीब छह ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। मोबाइल जांच और संपर्कों की पड़ताल में उसका संबंध मनीमाजरा निवासी रोहित उर्फ राहुल से मिला। वटसऐप बातचीत, कॉल विवरण और इंटरनेट प्रोटोकॉल विवरण से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने चार अक्टूबर को रोहित को मनीमाजरा से गिरफ्तार किया।
दूसरे मामले में 27 सितंबर को चिड़गांव के बडियारा में अमित से करीब सात ग्राम चिट्टा मिला था। जांच में इसकी खरीद बलौंगी, मोहाली निवासी वीरेंद्र से किए जाने की जानकारी मिली। आगे की पड़ताल में चिड़गांव निवासी संदीप की भूमिका सामने आई और उसे 30 सितंबर को बलौंगी से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार 2026 में अब तक 80 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार किए जा चुके हैं और 61 नेटवर्क पर कार्रवाई हुई है। वर्ष 2024 में आठ तथा 2025 में 14 मुख्य सप्लायर पकड़े गए थे। दोनों मामलों में जांच जारी है।














