जलपाईगुड़ी, 05 अक्टूबर।
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में भोरेर आलो थाने की पुलिस ने गांजे की एक बड़ी खेप के साथ एक लॉरी चालक को धर दबोचा है। पुलिस ने सिलीगुड़ी-जलपाईगुड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर राजगंज के बंधुनगर क्षेत्र में रविवार रात को यह गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। तलाशी के दौरान संदिग्ध लॉरी के केबिन के ऊपरी कैरियर में छुपाकर रखे गए चार नीले रंग के बैग बरामद किए गए, जिनमें करीब 50 किलोग्राम अवैध गांजा भरा हुआ था।
प्रारंभिक पूछताछ और जांच के बाद पुलिस का अनुमान है कि इस खेप को कूचबिहार से सिलीगुड़ी के रास्ते किसी अन्य राज्य में सप्लाई करने के लिए ले जाया जा रहा था। जब्त किए गए इस गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग पांच लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने नशीले पदार्थ के साथ वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपी चालक जहानुर अली मियां को सोमवार को जलपाईगुड़ी जिला अदालत में पेश किया जाएगा।













