जयपुर, 05 अक्टूबर।
जालूपुरा थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने विदेश में पढ़ाई कर रहे एक युवक को दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार बताए जाने का झांसा देकर उसके पिता से 1.70 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने सरकारी कर्मचारी को करीब एक घंटे तक डिजिटल गिरफ्तारी जैसी स्थिति में रखा और बेटे को छुड़ाने के नाम पर रकम जमा कराई।
थानाधिकारी बृजेश सिंह के अनुसार, 2 अक्टूबर सुबह करीब 11 बजे पीड़ित के वाट्सऐप पर वीडियो कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बताया और दावा किया कि उनका बेटा विदेश में दुष्कर्म के गंभीर मामले में हिरासत में है। ठगों ने विदेश के कड़े कानून और सजा का डर दिखाकर पीड़ित को भयभीत कर दिया।
इसके बाद वीडियो कॉल पर मारपीट और किसी के रोने-चिल्लाने जैसी आवाजें सुनाई गईं। इससे पीड़ित को विश्वास हो गया कि उसके बेटे के साथ कथित तौर पर मारपीट की जा रही है। आरोपियों ने कॉल जारी रखने और किसी अन्य व्यक्ति से संपर्क नहीं करने की हिदायत भी दी।
घबराए पीड़ित ने रिश्तेदारों और परिचितों से रुपये उधार लिए और ठगों द्वारा बताए गए बैंक खातों में कुल 1.70 लाख रुपये भेज दिए। रकम पहुंचते ही आरोपियों ने वीडियो कॉल काट दी। इसके बाद पीड़ित ने अपने बेटे से फोन पर संपर्क किया तो वह सुरक्षित मिला। तब उसे ठगी का पता चला।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अब बैंक खातों और कॉल से संबंधित विवरण के आधार पर आरोपियों की पहचान और ठगी की पूरी कड़ी की जांच की जा रही है।














