झड़खाली, 05 अक्तूबर।
दक्षिण 24 परगना जिले के झड़खाली स्थित पार्वतीपुर इलाके में रविवार रात एक बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय देवकुमार गायेन के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद झड़खाली कोस्टल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में सामने आया कि गोली सिर में लगी थी। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे प्रेम संबंध से जुड़ा विवाद होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इस वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हमलावरों तथा हत्या के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए अलग-अलग पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। प्रेम संबंध से जुड़े विवाद को भी जांच के प्रमुख बिंदुओं में शामिल किया गया है। सोमवार सुबह तक मामले में किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी या हिरासत की सूचना नहीं थी।













