नई दिल्ली, 05 अक्टूबर।
जंतर-मंतर पर सोमवार को चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के एक जवान पर कथित रूप से धारदार वस्तु से हमला किए जाने के मामले में दिल्ली पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, हमले में सीआईएसएफ कर्मी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले में सार्वजनिक शांति भंग करने, निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने और ड्यूटी पर तैनात लोकसेवकों पर जानलेवा हमला करने तथा उनके काम में बाधा डालने से संबंधित आरोपों के तहत कार्रवाई शुरू की गई है।
जंतर-मंतर पर पिछले तीन दिनों से भारतीय युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और अन्य विपक्षी संगठनों के नेतृत्व में प्रदर्शन चल रहा है। प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया रोकने की मांग कर रहे हैं।














