लखनऊ, 05 अक्टूबर।
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने सोमवार को आकाश आनंद को एक बार फिर पार्टी में वापस लेते हुए राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी सौंप दी। पार्टी में यह उनकी तीसरी वापसी है।
मायावती ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी पोस्ट में कहा कि बाबा साहेब डा. आंबेडकर और कांशीराम के विचार बसपा के लिए हमेशा प्रेरणा का आधार रहे हैं। इन्हीं आदर्शों के मार्ग पर चलकर पार्टी ने देश की राजनीति में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी स्तर पर व्यापक तैयारियां चल रही हैं।
मायावती ने कहा कि बहुजन समाज उनका व्यापक परिवार है और उसका हित तथा कल्याण उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पार्टी में अनुशासन कायम रखने के लिए समय-समय पर कड़े फैसले लिए गए। उन्होंने बताया कि अशोक सिद्धार्थ को राजनीति से संन्यास लेने के लिए मजबूर होना पड़ा। इसके बाद आकाश आनंद के व्यक्तित्व और काम करने के तरीके में भी कई बदलाव देखने को मिले हैं। हाल में एक्स पर उनके एक पोस्ट की भी चर्चा हुई।
मायावती के अनुसार, पार्टी के अधिकांश लोगों ने आकाश आनंद के अनुरोध को स्वीकार कर उन्हें पहले दी गई जिम्मेदारियों के साथ दोबारा काम करने का अवसर देने की राय दी। उनके पिता के साथ छोटे भाई ईशान आनंद ने भी इस फैसले पर सहमति जताई है। ईशान ने कहा कि वह बिना किसी पद के पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगे।
मायावती ने कहा कि विचार-विमर्श के बाद पार्टी और आंदोलन के हित में आकाश आनंद को फिर से राष्ट्रीय संयोजक बनाकर काम करने का अवसर दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से हटने के बाद पार्टी में कामकाज सुचारू रहेगा और संगठन में बार-बार बदलाव की जरूरत नहीं पड़ेगी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि आगे की स्थिति काफी हद तक आकाश आनंद के काम पर निर्भर करेगी।














